रफ्तार का तांडव: खंभे से टकराई अपाचे, धमाके से दहला इलाका—युवक का सिर चकनाचूर, मौत से जंग जारी
बाराबंकी। जनपद के मसौली विकासखंड के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक खौफनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दाता साईं आश्रम सद्दीपुर से छुलहा रोड पर सुबह करीब 8 बजे तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाके की आवाज दूर तक गूंजी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक सद्दीपुर से त्रिलोकपुर की ओर जा रहे थे। बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ा और पलक झपकते ही बाइक खंभे से जा टकराई। टक्कर के साथ ऐसा लगा मानो कोई विस्फोट हो गया हो। हादसे के बाद सड़क पर बाइक के परखच्चे बिखर गए और दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे।
हादसे में बाइक चला रहा आदर्श वर्मा (पुत्र राजू वर्मा), निवासी इमलिया थाना फतेहपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। पीछे बैठा राज वर्मा (पुत्र राकेश वर्मा) भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दोनों युवक खून से लथपथ सड़क पर पड़े तड़प रहे थे। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर सन्नाटा और चीख-पुकार का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जहांगीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक आदर्श वर्मा की हालत बेहद गंभीर है और उसे बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की खतरनाक हकीकत को सामने ला दिया है। कुछ सेकंड की रफ्तार ने दो जिंदगियों को मौत के मुहाने पर ला खड़ा किया और पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सड़क पर रफ्तार का नशा एक बार फिर खून में तब्दील हुआ—और पीछे छोड़ गया चीखें, सन्नाटा और जिंदगी की जंग।
बाराबंकी सड़क हादसा: 2 महीने की मासूम समेत 4 घायल, हालत गंभीर
![]()



