स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की
मीरजापुर संवाददाता मनीष पाण्डेय
मीरजापुर। स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ मा. उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहनलाल श्रीमाली, मा. विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, मा. विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, मा. विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, मा. विधायक छानबे रिंकी कोल एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराना है।
स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ
स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर विगत सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले 10 विद्यालयों और निपुण योजना के तहत चयनित 375 विद्यालयों में से 100 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। इसके बाद स्कूल चलो अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर से कम्पोजिट विद्यालय पंडित मदन मोहन मालवीय फतहा एवं प्राथमिक पाठशाला बृज किशोर नगर पालिका परिषद मीरजापुर के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का समापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर किया गया।
शिक्षा से ही देश का होगा विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहनलाल श्रीमाली ने कहा कि जब स्कूल खुलता है तो बच्चों के मन में उत्साह और उमंग होती है। बच्चे पढ़ाई के लिए नई किताबें और सामग्री तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक भी पूरे उत्साह के साथ बच्चों को शिक्षित करने का कार्य करते हैं और प्रत्येक शिक्षक की यही इच्छा होती है कि उनके छात्र उनसे भी अधिक प्रतिभावान बनें। उन्होंने कहा कि पहले संसाधनों की कमी थी, लेकिन फिर भी शिक्षक अपनी मेहनत और लगन से बच्चों को शिक्षा देते थे। आज सरकार द्वारा शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके और वे देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।

बच्चों को स्कूल भेजने के लिए किया जा रहा प्रेरित
विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा है कि सभी बच्चे स्कूल जाएं और अच्छी शिक्षा प्राप्त कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। आज विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है और बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है।
अच्छी शिक्षा से बनेगा उज्ज्वल भविष्य
विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। बच्चे मिट्टी के कच्चे घड़े की तरह होते हैं, जिन्हें सही दिशा देकर देश का भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।विधायक छानबे रिंकी कोल ने कहा कि स्कूल चलो अभियान बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
कई अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग उपस्थित रहे।स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के माध्यम से जिले में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिल सके।
![]()



