बाराबंकी के ऐतिहासिक देवा मेले में लगातार हो रही बारिश ने मेले की रौनक पर पानी फेर दिया है। शुक्रवार से शुरू हुई बारिश का असर शनिवार को भी देखने को मिला। मेला परिसर में जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा होने के कारण झूले बंद रहे। इससे मेले में पहुंचे बच्चों और परिवारों को निराशा का सामना करना पड़ा। वहीं घोड़ा और भैंस बाजार में भी कारोबार प्रभावित हुआ और पशुओं की खरीद-फरोख्त लगभग ठप रही। दूर-दराज के इलाकों से पशु लेकर पहुंचे व्यापारियों को खरीदारों का इंतजार करना पड़ा। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ होने से लगातार दूसरे दिन दंगल प्रतियोगिता भी आयोजित नहीं हो सकी। मेला परिसर और पार्किंग स्थलों पर पानी भरने से जायरीनों को आने-जाने में परेशानी हुई। कई दुकानदारों और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। दूसरी ओर नगर पंचायत के कर्मचारी जलनिकासी और रास्तों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। बारिश के चलते कुछ जायरीन और दुकानदार अपना सामान समेटकर वापस लौटने लगे हैं। ऐसे में देवा मेले के आयोजनों और कारोबार पर मौसम की मार साफ दिखाई दे रही है।
![]()



