बाराबंकी के ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 में आयोजित दंगल प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को अखाड़े में देशभर से आए पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। अलग-अलग राज्यों और जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती के शानदार दांव-पेचों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और कई रोमांचक मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को चित कर जीत हासिल की।
दंगल के दौरान विवेक पहलवान बांदा ने जीतू पहलवान कन्नौज को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। वहीं राहुल दास पहलवान अयोध्या ने राजस्थान के शैतान सिंह पहलवान को शिकस्त दी। बाराबंकी के अजीत पहलवान और अयोध्या के शिवम पहलवान के बीच हुए मुकाबले में शिवम ने बाजी मारी। उत्तराखंड के बाबू पहलवान ने देवा के सुल्तान वारसी को पराजित किया। इसी तरह गोंडा के गोलू पहलवान ने राजस्थान के काला चीता को हराकर जीत दर्ज की, जबकि मुजफ्फरनगर के माल्टा पहलवान ने शाका पहलवान को मात दी।
अन्य मुकाबलों में अयोध्या के बजरंगी पहलवान ने देवा के मोहम्मद हसनैन को पराजित किया। सीतापुर के शौकीन पहलवान ने गोंडा के गुलशन पहलवान को हराया, जबकि फतेहगढ़ के संजय पहलवान ने जालौन के घनश्याम पहलवान को शिकस्त दी। अयोध्या के शिवम पहलवान ने बनारस के आयुष पहलवान को चित कर एक और मुकाबले में अपनी जीत का परचम लहराया। वहीं गाजीपुर के रामनंदन पहलवान ने बहराइच के अमरेश पहलवान को हराकर मुकाबला जीत लिया।
दंगल में इसके अलावा भी कई अन्य मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें पहलवानों ने अपनी प्रतिभा और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। अखाड़े में पहलवानों के बीच होने वाले रोमांचक संघर्ष को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। हर दांव और पलटवार पर दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया। देवा मेले में आयोजित यह दंगल ग्रामीण खेल परंपरा, कुश्ती संस्कृति और पहलवानों की प्रतिभा को मंच देने का एक महत्वपूर्ण आयोजन बना हुआ है।
![]()



