मीरजापुर। रत्नाकर मिश्र ने बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अंशकालिक अनुदेशक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।समारोह के दौरान विधायक रत्नाकर मिश्र ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और उसके बाद उपस्थित अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया गया।
विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार उनके सम्मान तथा हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि किया जाना शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनकी मेहनत का सम्मान है। इससे अनुदेशकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। कार्यक्रम में मौजूद अनुदेशकों ने भी सरकार के इस निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और शिक्षकों ने इसे अपने सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
![]()



