काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में साजिद और उसकी दो पुत्रियां सबीना व फिजा शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में मेहविश की गोली लगने से मौत हुई थी। मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में साजिद ने बताया कि करीब छह माह पहले उसने 12 बोर का तमंचा महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई, इसी दौरान गोली चल गई, जो मेहविश को लगी और उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने फर्श पर पड़े खून के निशान मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी फरार होने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]()



