कन्नौज। तिर्वा कोतवाली पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस कप्तान विनोद कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के रूपपुर पुलिया के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान बद्दापुर्वा गांव निवासी करिया उर्फ राम पुत्र रामचंद्र के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ तिर्वा, ठठिया, कन्नौज तथा सीतापुर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। बरामद तमंचे और कारतूस के संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
![]()



