रिपोर्टर: मोहम्मद फैसल सिद्दीकी, बाराबंकी
बाराबंकी के फतेहपुर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
शासन के निर्देशानुसार महीने के तीसरे शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी फतेहपुर कार्तिकेय सिंह ने की। इस आयोजन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई करते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। इनमें राजस्व विभाग की 9, पुलिस विभाग की 14, विकास विभाग की 2, खाद्य एवं रसद विभाग की 2, विद्युत विभाग की 4, बैंक विभाग की 1, समाज कल्याण विभाग की 2 और जल निगम की 1 शिकायत शामिल रही।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से जमीन संबंधी विवाद, राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, आवास और बिजली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विभागवार निस्तारण की बात करें तो राजस्व विभाग की 9 शिकायतों में से 3 का समाधान किया गया, जबकि पुलिस विभाग की 14 शिकायतों में से 1 का निस्तारण हुआ। अन्य विभागों की शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी फतेहपुर शक्ति सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय, कुर्सी एवं विशुनपुर के नायब तहसीलदार, फतेहपुर और निंदूरा के खंड विकास अधिकारी, नगर पंचायत फतेहपुर के अधिशासी अधिकारी सहित राजस्व निरीक्षक और विभिन्न विभागों के तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
रिपोर्ट: मोहम्मद फैसल सिद्दीकी, बाराबंकी
![]()



