मड़िहान । थाना क्षेत्र के दाढ़ीराम गांव स्थित देवरा अर्जुनपुर में रविवार की भोर उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर नीम के पेड़ से एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार देवरा अर्जुनपुर निवासी भुट्टन का 30 वर्षीय पुत्र मस्तराम पारिवारिक कलह से परेशान बताया जा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक वह नशे का आदी था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार की रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जहां पत्नी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
परिजनों के अनुसार विवाद के बाद पत्नी निशा अपने दोनों बच्चों के साथ सोने चली गई, जबकि मस्तराम घर से बाहर निकल गया। देर रात वह घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर स्थित नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर झूल गया।
रविवार की भोर ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी पेड़ से लटकता शव देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। युवक का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मड़िहान पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। भतीजा मंजू की तहरीर पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
![]()



