संवाददाता मनीष पाण्डेय मीरजापुर
जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज बोले- पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने की अपील
लीड
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर द्वारा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में जनपद के सभी 24 मंडलों में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
खबर
मीरजापुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में शुक्रवार को जनपद के 24 मंडलों में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों, मंडल पदाधिकारियों तथा बूथ अध्यक्षों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया और जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना उनका रोपण। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनआंदोलन का रूप देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमन्त त्रिपाठी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले भर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन पर्यावरण संरक्षण के प्रति लगातार जनजागरूकता अभियान चलाता रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी पंडित भावेश शर्मा ने बताया कि पौधारोपण अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना है।
![]()



