लॉकेट, पल्सर बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद
संवाददाता मनीष पाण्डेय मीरजापुर
मिर्जापुर। राजगढ़ थाना पुलिस ने महिला से झपटमारी कर लॉकेट छीनने की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, छीना गया लॉकेट, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना राजगढ़ क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी ममता पत्नी सीताराम यादव ने 4 जून को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 2 जून को पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके गले में पहना लॉकेट झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना राजगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026 धारा 304 एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक राजगढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना के अनावरण के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह यादव और उनकी टीम ने इन्द्रानगर पुलिया के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल पटेल पुत्र कैलाश पटेल निवासी रामसरवर थाना चुनार तथा राजकुमार बिन्द पुत्र विजय कुमार बिन्द निवासी बहरामगंज थाना चुनार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UP63BE4031, दो मोबाइल फोन तथा 1330 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार बिन्द के खिलाफ पूर्व में भी थाना चुनार में चोरी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने राजगढ़ पुलिस टीम की सराहना की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह, शिवेन्द्र सिंह तथा रिक्रूट आरक्षी अरुण कुमार शामिल रहे।
![]()



