कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज पुलिस ने मुनीम से हुई करीब आठ लाख रुपये की चर्चित लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी यश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 5 हजार 800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कायमगंज नगर के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी सत्यप्रकाश उर्फ भूरे के 20 वर्षीय पुत्र यश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की शाम करीब छह बजे लालपुर रोड स्थित सत्यप्रकाश अग्रवाल के तंबाकू गोदाम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने रेकी के बाद पृथ्वी दरवाजा निवासी मुनीम पंकज शर्मा को बाइक से टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया था और पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। बैग में करीब आठ लाख रुपये बताए गए थे। वारदात के अगले दिन आरोपी पास के एक आम के बाग स्थित ट्यूबवेल पर एकत्र हुए और लूट की रकम आपस में बांट ली। पूछताछ में यश ने पुलिस को बताया कि उसके हिस्से में 1 लाख 30 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर 28 अगस्त को मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 लाख 70 हजार रुपये नकद और हथियार बरामद किए थे। वहीं, यश लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। करीब दो सप्ताह तक फरार रहने के बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर घर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार आरोपी के खिलाफ कायमगंज कोतवाली में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
![]()



