फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में आलू किसानों की समस्याओं और उनकी बदहाली का मुद्दा अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रदेश के आलू किसानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और किसानों की मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा। बताया गया कि 10 सितंबर 2026 को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीड बिल को लेकर तैयार किए गए प्रारूप पर चर्चा और सुझाव लेने के लिए देश के किसान नेताओं की हाईलेवल बैठक बुलाई थी। इस बैठक में अजय अनमोल भी शामिल हुए और उन्होंने किसान हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव कृषि मंत्री के सामने रखे। बैठक समाप्त होने के बाद अजय अनमोल ने उत्तर प्रदेश के आलू किसानों की स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कृषि मंत्री को बताया कि आलू किसानों को उत्पादन, भंडारण और उचित मूल्य सहित कई स्तरों पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों की मांगों को लेकर तैयार मांगपत्र सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की। किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में 7 सितंबर 2026 को फर्रुखाबाद से प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन की शुरुआत की गई थी। आंदोलन के तहत किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अब 18 सितंबर 2026 को कन्नौज कलेक्ट्रेट पर आलू किसानों द्वारा प्रदर्शन किए जाने की घोषणा की गई है। किसान नेताओं का कहना है कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। वहीं, कृषि मंत्री के समक्ष मुद्दा पहुंचने के बाद किसानों को अपनी मांगों पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।
![]()



