बाजपुर। भोना-बिरहा रोड से भोना कॉलोनी तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ निर्माण की मांग पिछले 14 से 15 वर्षों से लंबित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी देवेंद्र राय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर शिकायत दर्ज कराते हुए सड़क के दोनों ओर करीब 200 मीटर तक इंटरलॉकिंग टाइल्स और फुटपाथ निर्माण की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे फुटपाथ नहीं होने के कारण पैदल चलने वालों को मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं, बारिश के दौरान दुकानों और घरों के सामने कीचड़ और जलभराव की समस्या भी सामने आती है।
देवेंद्र राय का कहना है कि लंबे समय से जमीनी सर्वेक्षण और शिकायतों के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के जवाब में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि कार्य स्वीकृत कराने के लिए स्थानीय विधायक या सांसद का अनुशंसा पत्र आवश्यक है।
इस पर शिकायतकर्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों का निर्णय विभागीय बजट, तकनीकी परीक्षण और जरूरत के आधार पर होना चाहिए।
स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित क्षेत्र का दोबारा जमीनी निरीक्षण कराया जाए और फुटपाथ निर्माण के लिए तकनीकी अनुमान तैयार किया जाए। साथ ही, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के बीच कार्य की जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए।
लोगों का कहना है कि फुटपाथ बनने से पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा, जबकि इंटरलॉकिंग टाइल्स और बेहतर जल निकासी से बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों में भी राहत मिल सकती है।
अब सवाल यह है कि वर्षों से लंबित इस मांग पर संबंधित विभाग कब कार्रवाई करेगा और क्षेत्रवासियों को फुटपाथ निर्माण के लिए निश्चित समयसीमा कब मिलेगी।
![]()



