एजेंसी पर अनियमितता और अभद्र व्यवहार का आरोप
अखंड अवध कार्यालय रिपोर्ट
बाराबंकी जनपद के देवा रोड स्थित कुश्मेश गैस सर्विस (भारत गैस) एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। उपभोक्ताओं के साथ अनियमितता, धोखाधड़ी, गैस सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी और अभद्र व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। उपभोक्ताओं और अधिवक्ता समाज ने मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च और 20 मार्च 2026 को हुई घटनाओं में भाजपा के पूर्व नगर मंत्री एवं अधिवक्ता पवनेंद्र प्रताप सिंह के साथ एजेंसी के कर्मचारी ओमकार और मैनेजर द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि उपभोक्ता को गैस सिलेंडर देने से मना कर दिया गया और एजेंसी का शटर बंद करने की धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि 10 मार्च 2026 से भारत सरकार के निर्देशानुसार बिना OTP सत्यापन के गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर रोक लगा दी गई है। इसके बावजूद आरोप है कि एजेंसी द्वारा वैकल्पिक मोबाइल नंबर सुविधा का दुरुपयोग कर फर्जी OTP के माध्यम से गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्शाई जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके बुक किए गए सिलेंडरों को जानबूझकर रोक लिया जाता है और फिर दूसरे मोबाइल नंबर जोड़कर फर्जी OTP के जरिए डिलीवरी दिखाकर सिलेंडर को ब्लैक में बेच दिया जाता है। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब इस मामले की शिकायत एजेंसी में की जाती है तो कर्मचारियों द्वारा धमकी दी जाती है और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाता है। इस पूरे मामले को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है और लोग इसे एक सुनियोजित गैस कालाबाजारी का मामला बता रहे हैं।
वहीं इस मामले में एजेंसी के पूर्व संचालक और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनका अब एजेंसी के संचालन से कोई संबंध नहीं है और वे इस पूरे मामले से अलग हैं। हालांकि उनके इस बयान के बाद भी स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर शनिवार 21 मार्च 2026 को अधिवक्ता समाज ने जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी, बाराबंकी को लिखित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता समाज के साथ राष्ट्रीय बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और हिंदू रक्षा मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी संगठनों ने एक स्वर में मामले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गैस एजेंसी की जांच और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को तत्काल दूर करने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी OTP से की जा रही गैस डिलीवरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए तथा दोषी कर्मचारियों और एजेंसी संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे जनपद में उपभोक्ताओं और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और खाद्य पूर्ति विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और उपभोक्ताओं को कब तक राहत मिलती है।
क्या है पूरा मामला
बाराबंकी के देवा रोड स्थित कुश्मेश गैस सर्विस पर फर्जी OTP से गैस धांधली का आरोप लगा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके बुक किए गए गैस सिलेंडर समय पर नहीं दिए जा रहे हैं। इसके अलावा आरोप है कि एजेंसी द्वारा फर्जी OTP के माध्यम से डिलीवरी दिखा दी जाती है। इस मामले को लेकर उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी है।
फर्जी OTP से डिलीवरी का आरोप
आरोप है कि उपभोक्ताओं के सिलेंडर जानबूझकर रोक लिए जाते हैं। इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर जोड़कर फर्जी OTP से डिलीवरी दिखा दी जाती है। वहीं उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके हिस्से के सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। हालांकि इस मामले की शिकायत अधिकारियों से की गई है।
अधिवक्ता समाज ने सौंपा ज्ञापन
इसी बीच अधिवक्ता समाज ने जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की जांच की मांग की गई है। इसके अलावा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है। इस दौरान कई सामाजिक संगठन भी मौजूद रहे।
जांच और कार्रवाई की मांग
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी की जांच होनी चाहिए। इसलिए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
![]()



