बाराबंकी: गौकशी प्रकरण में सख्त कार्रवाई, दरोगा-सिपाही निलंबित, एक आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: अखिलेश दास | ABN NEWS 247 | अखंड अवध | बाराबंकी |
बाराबंकी । जिले के मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में सोमवार रात हुई गौकशी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में बुधवार को एक दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात गांव से तीन प्रतिबंधित मवेशियों की चोरी कर ली गई थी। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत में दो मवेशियों के अवशेष मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और विभिन्न हिंदू संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले में लापरवाही पाए जाने पर हल्का दरोगा रमेश चंद्र तथा सिपाही मिथुन गिरी को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रकार की घटनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और सभी दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें:
बाराबंकी महिला अस्पताल दलाल: बना दलाली हब, गरीब मरीजों की लूट जारी!
![]()



