बाराबंकी।
ऐतिहासिक देवा मेला-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम देखने को मिल रही है। बुधवार को मेले के सांस्कृतिक मंच पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने शानदार प्रदर्शन से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। एकल नृत्य और समूह गायन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों और शानदार भाव-भंगिमाओं से अपनी कला का परिचय दिया। वहीं, समूह गायन प्रतियोगिता में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिताओं में एकल नृत्य के अंतर्गत वारिस चिल्ड्रेन एकेडमी, फतेहपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जवाहर नवोदय विद्यालय, बाराबंकी दूसरे और प्रतिभा इंटर कॉलेज, नरैनी देवा तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं, समूह गायन प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, देवा दूसरे और पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज, बाराबंकी तीसरे स्थान पर रहा। विजेता प्रतिभागियों को निर्धारित पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षाविद भी मौजूद रहे। आयोजकों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करना और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना रहा।
देवा मेले में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और कला के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करने वाला यादगार आयोजन बन गया।
![]()



