विंध्याचल धाम पहुंचे पूर्व PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान
मिर्ज़ापुर मनीष पाण्डेय
मिर्जापुर। अपने इस्तीफे के बाद लगातार चर्चा में चल रहे पूर्व PCS अधिकारी एवं राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री शनिवार को विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके आगमन पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि अधिकार मोर्चा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगा और सरकार बनाने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति समाज के सभी वर्गों के सम्मान, अधिकार और विकास पर आधारित होगी।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सामान्य वर्ग सहित किसी भी वर्ग के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उनकी पार्टी सामाजिक समरसता, समान अवसर और न्यायपूर्ण व्यवस्था को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और अधिकार मोर्चा एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है।
विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में संगठन के मिर्जापुर जिलाध्यक्ष पंकज पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
पूर्व PCS अधिकारी के इस राजनीतिक ऐलान के बाद विंध्य क्षेत्र की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक जानकार इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
![]()





