बाराबंकी। जिले के सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवली चौराहे के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड में किसान की मेहनत पल भर में जलकर राख हो गई। हाई वोल्टेज 11 हजार लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने खेत में खड़ी गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया। इस हादसे में करीब दो बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। नेवली चौराहे से मंगलवार जाने वाले मार्ग, ब्लॉक हरख के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक तेज शॉर्ट सर्किट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तारों से निकली चिंगारियां सीधे पास के खेत में जा गिरीं, जहां सूखी खड़ी गेहूं की फसल ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज धूप और हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ग्राम जैनाबाद निवासी किसान हरी विनोद वर्मा की लगभग दो बीघा फसल आग की चपेट में आ गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों और राहगीरों ने बाल्टियों, पानी और खेतों की जुताई कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद लंबे समय तक न तो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और न ही पुलिस प्रशासन का कोई अधिकारी। यदि ग्रामीण समय रहते सक्रियता न दिखाते, तो आग आसपास के कई अन्य खेतों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे नुकसान और बढ़ जाता।
पीड़ित किसान हरी विनोद वर्मा ने बताया कि इस फसल में उनकी साल भर की मेहनत और पूंजी लगी थी। फसल के नष्ट हो जाने से उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब परिवार के भरण-पोषण की चिंता सताने लगी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित किसान को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही जर्जर और ढीले बिजली तारों की मरम्मत कराए जाने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।फिलहाल, प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और संबंधित अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पीड़ित किसान को जल्द ही राहत प्रदान की जाएगी और क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
बाराबंकी में भीषण आग: दो सगे भाइयों के घर जले, लाखों का नुकसान
![]()



