संवाददाता विकास यादव
लखनऊ/बाराबंकी। किसान पथ पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब कोल्डड्रिंक से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर दब गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से बाराबंकी की ओर जा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया। पलटते ही कोल्डड्रिंक की पेटियां सड़क पर बिखर गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के कारण किसान पथ पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है।
![]()



