संवाददाता मीरजापुर मनीष पाण्डेय
मिर्जापुर। जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र में सपा नेता एवं पुरोहित राज मिश्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। नायब तहसीलदार पहाड़ी अरविंद कुमार पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में विवाद के दौरान राज मिश्रा ने गर्भगृह से घसीटकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पाण्डेय का कहना है कि वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद थे, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज मिश्रा ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि शारीरिक हमला भी किया। घटना के बाद उन्होंने विंध्याचल थाने में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पुरोहित राज मिश्रा के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
![]()



