हरदोई में लंबे समय से बंद पड़े कस्तूरबा पुस्तकालय को अब विद्यार्थियों के लिए नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने शुक्रवार को विक्टोरिया हाल स्थित कस्तूरबा पुस्तकालय का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय का जल्द जीर्णोद्धार कराकर इसे विद्यार्थियों के उपयोग के लिए दोबारा संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का विकास सिर्फ भवन के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे विद्यार्थियों के लिए शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अध्ययन के अनुकूल केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए पुस्तकालय परिसर में फर्श पर टाइल्स लगवाने, दीवारों की आकर्षक रंगाई-पुताई कराने और जरूरत के अनुसार पीवीसी पैनलिंग कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में एसी की व्यवस्था कराने के साथ सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा गया। वहीं छात्राओं और छात्रों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को व्यवस्थित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रस्तावित जीर्णोद्धार कार्यों और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। लंबे समय से बंद पड़े पुस्तकालय के निरीक्षण के बाद अब इसके दोबारा शुरू होने की उम्मीद जगी है। यदि निर्धारित कार्य समय पर पूरे होते हैं तो कस्तूरबा पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का उपयोगी केंद्र बन सकता है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडु समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()



