हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प माह’ की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान को प्रभावी और जनकल्याणकारी बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सीडीओ ने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर अभियान की गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा संकल्प माह के कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इनका सीधा लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने जनजागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अभियान का संदेश गांव से लेकर नगर स्तर तक पहुंच सके। शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के साथ कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो और अन्य आवश्यक अभिलेखों के जरिए व्यवस्थित दस्तावेजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
![]()



