ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ उठी आवाज
मिर्ज़ापुर मनीष पाण्डेय
मड़िहान। भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। बाल्टी और खाली डिब्बे हाथों में लेकर दर्जनों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन कर अपनी पीड़ा प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में जहां एक ओर बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पेयजल संकट ने हालात और भी भयावह बना दिए हैं। घरों में पीने तक का पानी नहीं है, महिलाएं और बच्चे दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। बिजली न होने के कारण मोटर और पंप भी बंद पड़े हैं, जिससे जल संकट और गहरा गया है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने खाली बाल्टियां दिखाकर प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि दिनभर पानी की तलाश में भटकना पड़ता है और रात में बिजली न होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब हो जाती है।
प्रदर्शन में शामिल उदय सिंह, रजिन्दर पटेल, पप्पू गुप्ता, आशा देवी, प्रकाश गुप्ता, फूचई गुप्ता, अजय, गुड्डू समेत बस्ती के अनेक लोगों ने बताया कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने कहा कि विकास और सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों के बीच उनकी बस्ती आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। गर्मी की तपिश के साथ बिजली और पानी का संकट उनके लिए दोहरी मार बन गया है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल बिजली आपूर्ति सुचारु करने तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
![]()



