मिर्जापुर। जनपद के पड़री थाना क्षेत्र अंतर्गत बसारी गांव में किशोरी की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव की रहने वाली एक किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूरी पर नाले में मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
बताया जा रहा है कि किशोरी शुक्रवार शाम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह गांव के बाहर नाले के पास लोगों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान किशोरी के रूप में की।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक का किशोरी से पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस अभी हत्या के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कह रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]()



