मिर्जापुर। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौधा के पास नेशनल हाईवे स्थित नर्सरी मोड़ पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर का अचानक टायर ब्लास्ट हो जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हाईवे किनारे खड़े दूसरे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर काफी तेज गति से प्रयागराज की ओर जा रहा था। इसी दौरान नर्सरी मोड़ के पास अचानक आगे का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित ट्रेलर सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और परिचालक केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायल परिचालक को बाहर निकाला गया। घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के चलते कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और खराब सड़क व्यवस्था को हादसों का प्रमुख कारण बताया है।
![]()



